चतरा विधायक का WhatsApp हैक! संपर्कों को भेजे जा रहे मैसेज, साइबर ठग मांग रहे पैसे
चतरा विधायक जनार्दन पासवान का मोबाइल फोन हैक कर साइबर अपराधी अब उनके व्हाट्सएप संपर्कों को निशाना बना रहा है। हैकर विधायक के व्हाट्सएप में मौजूद संपर्क नंबरों पर मैसेज भेजकर अलग-अलग कारणों से पैसों की मांग कर रहा है।
विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि उनका मोबाइल हैक हो गया है और हैकर उनके व्हाट्सएप से संपर्कों को मैसेज कर रहा है। यदि उनके नाम अथवा नंबर से किसी व्यक्ति के पास पैसे भेजने, आर्थिक मदद करने या किसी अन्य प्रकार के वित्तीय लेन-देन से संबंधित संदेश आता है तो उस पर बिल्कुल भरोसा नहीं करें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी संदेश के आधार पर किसी भी व्यक्ति को राशि नहीं भेजनी है।
उन्होंने लोगों से कहा कि साइबर अपराधी परिचित व्यक्ति के मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप अकाउंट का इस्तेमाल कर भरोसा कायम करने की कोशिश करते हैं।
ऐसे में केवल व्हाट्सएप पर प्राप्त संदेश के आधार पर कोई निर्णय नहीं लें। यदि विधायक के नंबर से कोई संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है, तो सीधे उनसे अथवा उनके विश्वस्त लोगों से फोन पर संपर्क करों और उसकी पुष्टि करें। विधायक ने लोगों से ऐसे मैसेज का जवाब नहीं देने और किसी भी लिंक पर क्लिक नहीं करने की भी अपील की है।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों के झांसे में आकर आर्थिक नुकसान से बचने के लिए हर स्तर पर सावधानी बरतना जरूरी है। घटना के बाद विधायक के संपर्कों और समर्थकों को विशेष रूप से सतर्क किया गया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

