उप्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) प्रदेश के सबसे तेज गेंदबाजों की खोज के लिए टैलेंट स्पीड हंट का आयोजन करने जा रहा है।
इसके जरिये 16 से 24 साल के तेज गेंदबाजों की रफ्तार को परखा जाएगा व सबसे तेज गेंदबाजों को यूपीसीए के ट्रायल, कैंप और टीम का हिस्सा बनाएगा।
यूपीसीए की ओर से जल्द ही टैलेंट स्पीड हंट के सेंटर व तिथियों की घोषणा की जाएगी। इससे पहले यूपीसीए जुलाई 2019 में वेस्टइंडीज के दिग्गज गेंदबाज कोर्टनी वाल्श की देखरेख में विशेष कैंप का आयोजन कर चुका है।
यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि महिला, पुरुष व जूनियर टीम के लिए अच्छे व तेज रफ्तार वाले गेंदबाज की खोज के लिए प्रदेश के लगभग सभी जिलों से खिलाड़ी शामिल किए जाएंगे। वह अपनी रफ्तार दिखाकर उप्र की टीम में पहुंचने की राह बनाएंगे।
इसके लिए गेंदबाज यूपीसीए की वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि लंबे समय से उप्र में तेज गेंदबाज की खोज के लिए कैंप व ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन अब टैलेंट स्पीड हंट के जरिये गेंदबाजों की खोज कर गेंदबाजी क्रम को मजबूत किया जाएगा।
यूपीसीए से पहले मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन, दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन टैलेंट हंट का आयोजन कर चुका है। इसके साथ ही यूपीसीए की ओर से कमला क्लब व ग्रीन पार्क में संचालित हाई परफार्मेंस कैंप के जरिये प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को आगामी सत्र के लिए खोजा जा रहा है।
मंगलवार को कमला क्लब में मो. आमिर की देखरेख में जूनियर खिलाड़ियों का फिटनेस टेस्ट व अभ्यास मैच आयोजित किया गया। इसमें खिलाड़ियों को निर्धारित लक्ष्य देकर मैदान में भेजा गया। इसी प्रकार, ग्रीन पार्क स्टेडियम में क्रिकेट कैंप के कोच ज्ञानेंद्र पांडेय की देखरेख में सीनियर खिलाड़ियों की प्रतिभा परखी गई।


