सारण में एटीएम ठगी गिरोह का पर्दाफाश, हथियार और लाखों की नकदी के साथ 2 भाई गिरफ्तार

4.9kViews
1228 Shares

सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने समसुद्दीनपुर गांव में छापामारी कर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।

उनके पास से अवैध हथियार, कारतूस, नकदी, मोबाइल, चाकू और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

गुप्त सूचना पर हुई छापामारी:

पुलिस के अनुसार 17 मई को रिविलगंज थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि समसुद्दीनपुर गांव निवासी शंकर राय और राजकुमार राय एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के साथ हथियारों की खरीद-बिक्री में भी संलिप्त हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों के घर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान घर से एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, चार चाकू, पांच मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड तथा एक लाख 62 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए। मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

पुलिस के पूछताछ में हुए कई खुलासे:

पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान गिरफ्तार शंकर राय ने स्वीकार किया कि वह अपने भाई राजकुमार राय और अन्य साथियों के साथ मिलकर एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खाते से रुपये उड़ाने का काम करता था। गिरोह द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने यह भी बताया कि बरामद नकदी ठगी से अर्जित रकम है। घटना के दौरान भय पैदा करने और वारदात को अंजाम देने के लिए देशी कट्टा और कारतूस का इस्तेमाल किया जाता था।

आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज:

इस मामले में रिविलगंज थाना कांड संख्या 287/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान समसुद्दीनपुर गांव निवासी स्व. राजेंद्र राय के पुत्र शंकर राय और राजकुमार राय के रूप में हुई है। पुलिस अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है। पुलिस टीम में रिविलगंज थानाध्यक्ष समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *