बुलंदशहर: छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक को स्कूल में पीटा, मुकदमा दर्ज

 जहांगीराबाद क्षेत्र के एक गांव स्थित परिषदीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने के लिए आने वाली छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया। अभिभावकों व ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक को पीट दिया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वहीं अभिभावक की तहरीर पर ने पुलिस ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

यह है पूरा मामला

क्षेत्र के एक गांव शेखुपुर रोरा निवासी अभिभावक ने दी तहरीर में बताया कि उसकी भतीजी गांव स्थित परिषदीय स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने के लिए जाती है। सोमवार की देर शाम उसकी भतीजी ने अपनी मां को बताया कि स्कूल में तैनात प्रधानाध्यापक उसके साथ छेड़छाड़ करता है और मुंह खोलने पर फेल करने की धमकी देता है।आरोप है कि प्रधानाध्यापक गांव की ही कई बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दे चुका है। मंगलवार को गुस्साएं अभिभावक व ग्रामीण स्कूल पहुंचे और प्रधानाध्यापक व अन्य शिक्षकों से मामले की शिकायत की। तभी आरोपित प्रधानाध्यापक भड़क गए और अभिभावकों के साथ गाली गलौज और जाति सूचक शब्द कहे।

इस पर अभिभावकों व ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में प्रधानाध्यापक की पिटाई कर दी। इसके बाद प्रधानाध्यापक स्कूल से फरार हो गए। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि अभिभावक की तहरीर पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और जाति सूचक शब्द गाली गलौज करने के आरोप में प्रधानाध्यापक मनोज चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्रधानाध्यापक शिक्षक संघ का ब्लाक अध्यक्ष भी बताया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं बीएसए लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि मामले की जांच जहांगीराबाद के खंड शिक्षा अधिकारी ओपी यादव को दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपित प्रधानाध्यापक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी।

उधर आरोपित प्रधानाध्यापक को कहना है कि आरोप निराधार है। उनके द्वारा विभाग के शिक्षक व कर्मचारी के खिलाफ लगातार शिकायत की जा रही थी। इसी के चलते षड़यंत्र के तहत उन्हें झूठा फंसाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *