जनपद में कोडीन कफ सीरप तस्करी का एक और आरोपित 25 हजार रुपये का इनामी अमित कुमार सिंह ने भी सोमवार को एनडीपीएस एक्ट के विशेष न्यायाधीश व अपर सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-प्रथम शक्ति सिंह की अदालत में सरेंडर कर दिया।
मामले में अब तक पांच में चार आरोपित कोर्ट में सरेंडर कर चुके हैं, जबकि एक पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अब सिर्फ एक आरोपित फरार हैं। जिसकी तलाश में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
औषधि निरीक्षक बृजेश मौर्या ने कोडीन कफ सीरप तस्करी के मामले में मेसर्स अंश मेडिकल एजेंसी के अमित कुमार सिंह, मेसर्स-शुभम फार्मा के निलेश कुमार श्रीवास्तव, मेसर्स नित्यांश मेडिकल एजेंसी के शुभम सिंह, मौर्या मेडिकल स्टोर के दयाराम सिंह कुशवाहा, स्वास्तिक मेडिकल एजेंसी के सर्वांश, तथा राधिका मेडिकल एजेंसी के राहुल कुमार यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज काया था।
इन पर अवैध तरीके से कोडीन सीरप बेचने और रिकार्ड छिपाने जैसे गंभीर आरोप है। इन फर्मों ने 7.82 लाख बोतल सीरप की खरीद-बिक्री दर्शाई गई थी, जबकि जांच में इनके गोदाम में माल नहीं मिला। पुलिस ने सबसे पहले सैदपुर के स्वास्तिक मेडिकल एजेंसी संचालक वाराणसी के पहड़निया संजय नगर निवासी सर्वांश वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
इसके बाद फरार सभी पांच आरोपितों पर 25-25 हजार का इनाम भी घोषित किया था। न्यायालय के आदेश पर फरार चल रहे पांच आरोपितों भुड़कुड़ा के झोटना निवासी अमित कुमार सिंह आदि के खिलाफ 17 फरवरी को गैर जमानती वारंट जारी था।
इसके बाद इनके घर पर कुर्की की नोटिस भी चस्पा किया गया। मामले में अब तक दयाराम सिंह कुशवाहा, राहुल कुमार यादव, शुभम सिंह कोर्ट में आत्मसमर्पण कर चुके हैं। पुलिस की कार्रवाई बढ़ता देख अमित कुमार सिंह ने सोमवार को आत्मसमर्पण कर दिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


