ग्रेटर नोएडा के मलकपुर स्टेडियम में अगले हफ्ते से शुरू होगा एथलेटिक्स ट्रैक का काम, 1.41 करोड़ का बजट जारी

2.5kViews
1562 Shares

ग्रेटर नोएडा में मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के खिलाड़ियों को जल्द ही एथलेटिक्स ट्रैक की सुविधा मिलने जा रही है। यहां ट्रैक निर्माण के साथ अन्य खेल सुविधाएं बढ़ाने व मौजूद खेल कोर्ट के मरम्मत व बेहतर रखरखाव के लिए निदेशालय से 1.41 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। इन काम को पूर्ण करने की जिम्मेदारी स्माल इंडस्ट्री डेवलपमेंट कार्पोरेशन इंडिया (सिडको) को सौंपी गई है।

दरअसल, मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलीट्स के लिए अब घास का मैदान तैयार किया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर से 1.41 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया है। स्टेडियम में इंटरलाक टाइल्स लगाने और मिट्टी भराव किया जाएगा, ताकि जिले के खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से वंचित न हो सकें।

1.41 करोड़ रुपये होंगे खर्च

सिडको के इंजीनियर रोहित पांडेय ने शनिवार को स्टेडियम का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की रूपरेखा तय की। जारी 1.41 करोड़ के बजट से स्टेडियम में मिट्टी भराव, घास लगाने और टाइल्स समेत अन्य मरम्मत का काम पूरा किया जाएगा।

जिला प्रभारी क्रीड़ाधिकारी डा. परवेज अली ने बताया कि स्टेडियम को खिलाड़ियों के अनुकूल बनाने के लिए आधुनिक स्तर पर घास लगाई जाएगी, जिससे अभ्यास में सुविधा मिलेगी। विभाग का लक्ष्य है कि सभी कार्य छह महीने में पूरे कर लिए जाएं। इसके बाद एथलेटिक्स खिलाड़ियों को भी यहां बेहतर सुविधा मिलने लगेगी।

नहीं मिली सिंथेटिक ट्रैक को मंजूरी

पहले जिले में सिंथेटिक ट्रैक बनाने की योजना थी, लेकिन स्टेडियम का मैदान अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा नहीं उतरा। इस कारण सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण को मंजूरी नहीं मिली। स्टेडियम में अब तक रोजाना करीब 30 से 35 खिलाड़ी अभ्यास के लिए आते हैं। घास का मैदान बनने के बाद यह संख्या बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *