पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की 123 पेटियां, इंडिपेंडेंस ग्लूकोज बिस्कुट के 278 कार्टून और ट्रक बरामद किया है।
कोसीकलां पुलिस ने हाईवे पर चेकिंग के दौरान पकड़ा
कोसीकलां पुलिस रविवार तड़के पांच बजे हाईवे पर रेलवे फ्लाईओवर के पास चेकिंग कर रही थी। कोसीकलां थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि छाता की ओर जा रहे संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब को छिपाने के लिए ट्रक में इंडिपेंडेंस ग्लूकोज बिस्कुट के कार्टून भी लोड किए गए थे, ताकि पुलिस की आंखों में धूल झोंकी जा सके।
123 पेटी हरियाणा प्रांत की शराब, 278 कार्टन बिस्किट कब्जे में लिए
गिरफ्तार आरोपित की पहचान बब्लू कुमार निवासी वैशाली बिहार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में मामला अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हरियाणा से सस्ती शराब लाकर उत्तर प्रदेश में ऊंचे दामों पर खपाने की तैयारी थी। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी।
पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर दबोचे
महावन पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से पंजाब मार्का 14 हाफ और एक बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। शनिवार रात साढ़े नौ बजे पुलिस टीम गोशाला तिराहे से गोकुल की ओर जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी।
सीओ ने दी जानकारी
सीओ महावन श्वेता वर्मा ने बताया कि खरंजे की ओर से आ रहे दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई तो उनके पास से पंजाब की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की पहचान मनोज और बाबूराम निवासी गांव नक्क्षेपुरवा, थाना मनकापुर जिला गोंडा के रूप में हुई है। दोनों आरोपित पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। मनोज पर आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि बाबूराम भी आबकारी अधिनियम के मामले में पहले पकड़ा जा चुका है।


