बागपत में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंंडाफाेड़, सगे भाई समेत तीन गिरफ्तार; सरगना फरार

 असलहा बनाने वाले गिरोह का पुलिस ने दो भाइयों समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर पर्दाफाश किया है। गिरोह का सरगना एवं दो भाइयों का पिता भागने में कामयाब हो गया। ठिकाने से असलहे का जखीरा बरामद हुआ है।

पकड़ा गया एक आरोपित झोलाछाप, दो भाइयों का पिता सरगना फरार

एसपी सूरज कुमार राय ने शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में बताया कि बड़ौत कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से शुक्रवार रात बड़ौत में बावली रोड नहर पटरी स्थित खंडहर में छापामारी की, जहां पर असलहा का निर्माण किया जा रहा था। आरोपित झोलाछाप सलीम पुत्र नूर मोहम्मद निवासी ग्राम करनावल (मेरठ) हाल निवासी पांची, फरमान व शोएब पुत्र मेहरबान निवासी ग्राम पांची को गिरफ्तार किया।

बंदूक, तमंचे व अन्य सामान बरामद, क्षेत्र में सप्लाई करते थे असलहा

मौके से दो बंदूक 12 बोर, 13 तमंचे315 बोर, पांच तमंचे 12 बोर, दो कारतूस व पांच खोखा315 बोर, छह अधबने असलहा व उपकरण बरामद हुए हैं। गिरोह का सरगना मेहरबान फरार हो गया। आरोपित आसपास क्षेत्र में असलहा सप्लाई करते थे। गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।

सरगना फरारी में बना रहा था असलहे

एसपी का कहना है कि गिरोह के सरगना मेहरबान को मेरठ पुलिस ने असलहे बनाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। करीब तीन माह पूर्व जमानत पर जेल से रिहा हुआ था। इसके बाद मवाना में असलहा बनाने वाले अपराधी पकड़े गए थे, जिसमें मेहरबान अभी फरार है।

12 साल पहले मिले थे असलहा

पुलिस के मुताबिक आरोपित झोलाछाप सलीम के पास से वर्ष 2014 में असलहा और कारतूस बरामद हुए थे, तब पुलिस ने उससे लंबी पूछताछ की थी। एसपी का कहना है कि गिरोह का पर्दाफाश करने पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। टीम में बड़ौत कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी, स्वाट टीम प्रभारी रंजीत कुमार समेत 22 पुलिसवाले शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *