गोपेश्वर से शुरू हुई बाबा रुद्रनाथ की डोली यात्रा, शिवभक्ति में डूबा चमोली

 चमोली जिले में पंचकेदारों में चतुर्थ केदार भगवान श्री रुद्रनाथ की पवित्र उत्सव डोली रविवार को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर से विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मूल धाम रुद्रनाथ के लिए रवाना हुई। डोली प्रस्थान के दौरान पूरा गोपेश्वर शिवभक्ति और आस्था में डूबा नजर आया।

श्रद्धा का अद्भुत उत्साह

डोली यात्रा के दौरान “बम-बम भोले” और “जय बाबा रुद्रनाथ” के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-दमाऊ और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच निकली भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया। हर ओर भक्तिमय माहौल और श्रद्धा का अद्भुत उत्साह देखने को मिला।

इस पावन अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी, जिलाधिकारी गौरव कुमार तथा पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार मौजूद रहे। सभी ने भगवान गोपीनाथ एवं बाबा रुद्रनाथ की डोली के सम्मुख शीश नवाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और चारधाम यात्रा के सफल संचालन की कामना की।

आयोजन के दौरान भारतीय सेना के बैंड की आकर्षक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान खींचा। सेना बैंड की मधुर धुनों से वातावरण और अधिक भक्तिमय एवं गौरवपूर्ण बन गया।

बाबा रुद्रनाथ की डोली के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोपेश्वर पहुंचे। यात्रा मार्ग पर चमोली पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात एवं कानून व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा गया।

इस अवसर पर मंदिर समिति द्वारा धार्मिक आयोजनों को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन और पुलिस की भूमिका के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार तथा पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि पंचकेदारों में चतुर्थ केदार के रूप में प्रसिद्ध बाबा रुद्रनाथ मंदिर के कपाट 18 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही बाबा रुद्रनाथ ग्रीष्मकाल हेतु अपने मूल धाम में विराजमान होंगे।

इस दौरान कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, पालिकाध्यक्ष संदीप रावत, दायित्वधारी हरक सिंह नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *