ट्रैवल एजेंट ने चारधाम यात्रियों से की धोखाधड़ी, वसूला किराया और ड्राइवर से लूटे 8000 रुपये

4.5kViews
1279 Shares

चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार ऋषिकेश में तीर्थ यात्रियों के साथ ट्रैवल एजेंटों द्वारा धोखाधड़ी व आर्थिक लूट के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार सुबह केदारनाथ जा रहे छह यात्रियों से कथित ट्रैवल एजेंट ने 1000 रुपए प्रति यात्री किराया वसूला और एक मैक्स पर बैठाया।

मैक्स चालक का आरोप है कि वह नजदीक में अपना सामान लेने गया, इस बीच खुद को ट्रैवल एजेंट बताने वाला युवक जबरदस्ती चालक सीट पर बैठ गया था। जिससे उसने यात्रियों की नजर में खुद को मैक्स चालक या उनसे संबंधित के रूप खुद को पेश किया। इससे यात्री भी उस युवक के झांसे में आ गए।

8000 रुपए भी निकाले

मैक्स का चालक का आरोप है कि कथित ट्रैवल एजेंट ने चालक के पैसे वाले रैक से 8000 रुपए भी निकाल लिए। घटना की सूचना पर स्थानीय व्यापार संघ व परिवहन संगठन के पदाधिकारी भी पहुंचे, जिन्होंने आरोपित युवक की खोजबीन की।

कुछ देर बाद आरोपित युवक को मैक्स चालक व व्यापारियों ने खोज लिया। परिवहन संगठनों ने कहा कि हर दूसरे दिन ऋषिकेश में फर्जी ट्रैवल एजेंट व डग्गामार वाहन यात्रियों को लूट रहे हैं, लेकिन पुलिस व परिवहन विभाग अंकुश लगाने में नाकाम नजर आ रहे हैं। इससे तीर्थ यात्रियों की नजर में देवभूमि उत्तराखंड की छवि पर बुरा असर पड़ रहा है।

एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने कहा कि घटना की सूचना मिली है। आरोपित ट्रैवल एजेंट का लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर पाया। आरोपित ने पूछताछ में किसी ट्रैवल एजेंसी के लिए काम करने की बात कही है। संबंधित एजेंसी के संचालक से पूछताछ की जाएगी। इसमें एजेंसी की भूमिका शामिल पाई गई तो एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *