इस बार केरलम में जल्दी पहुंचेगा मानसून, उत्तर भारत को अभी राहत नहीं; दिल्ली-NCR और पंजाब में लू का अलर्ट

1466 Shares

मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, पूरे निकोबार द्वीप समूह और अंडमान द्वीप समूह के विजयपुरम समेत कुछ हिस्सों में प्रवेश कर लिया है।

IMD ने यह कहा कि अगले तीन-चार दिनों में मानसून के दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। अंडमान द्वीप समूह के शेष हिस्सों और अंडमान सागर के साथ-साथ पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भी इस अवधि के दौरान मानसून की शुरुआत देखने को मिल सकती है।

इससे पूर्व IMD ने शुक्रवार को कहा था कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरलम में इस बार 26 मई को आगमन की उम्मीद है। वैसे केरल में आमतौर पर मानसून की शुरुआत एक जून को होती है।

इससे पहले, आइएमडी ने कहा था कि इस वर्ष भारत में मानसून के मौसम के दौरान सामान्य से कम वर्षा होने की आशंका है। यह स्थिति इस मौसम के दौरान अल नीनो की स्थिति के उभरने के कारण हो सकती है, जो देश में कम वर्षा का कारण बनती है।

अगले कुछ दिन एनसीआर और पंजाब में लू चलेंगी

आईएएनएस के अनुसार, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में एनसीआर में तापमान में तेज वृद्धि की भविष्यवाणी की है। दिल्ली में 17 मई को लू चलने के साथ ही अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। आईएमडी ने पंजाब में भी 20 मई तक लू चलने की आशंका जताई है और येलो अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *