अंदरूनी सड़कों के गड्ढों ने बढ़ाया गाजियाबाद के लोगों का दर्द, धूल और हिचकोलों में गुजर रहा सफर

 गाजियाबाद शहर की अंदरूनी सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे आम लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। इन गड्ढों से न केवल लोगों का सफर मुश्किल हो गया है, बल्कि वाहनों की उम्र भी घट रही है।

नौकरीपेशा लोग, स्कूली बच्चे और पब्लिक ट्रांसपोर्ट से सफर करने वाले यात्री रोजाना धूल और हिचकोलों के बीच अपने गंतव्य तक पहुंचने को मजबूर हैं।

शहर की कई प्रमुख कालोनियों और अंदरूनी इलाकों में सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। संजय नगर सेक्टर-23 की जागृति विहार गुलधर रोड, एएलटीटीसी रोड, निटरा रोड, गोविंदपुरम, नेहरू नगर, पटेल नगर, लोहिया नगर, विजय नगर, प्रताप विहार और इस्लाम नगर जैसे क्षेत्रों में सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे नजर आ रहे हैं।

संजय नगर सेक्टर-23 की जागृति विहार गुलधर रोड तो कई स्थानों पर गड्ढों में ही गुम होती दिखाई देती है। यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ-साथ स्थानीय निवासी भी धूल और खराब सड़क से परेशान हैं।

धीमी गति से हो रही मरम्मत

वर्षा के दौरान नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर गड्ढे बन गए थे। इसके बाद मरम्मत कार्य शुरू तो किया गया, लेकिन काम की रफ्तार बेहद धीमी है। गड्ढों के कारण लोगों को कमर दर्द जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, वहीं वाहनों के सस्पेंशन और टायर भी जल्दी खराब हो रहे हैं। हालांकि, शहर के कुछ मुख्य मार्गों पर गड्ढे भर दिए गए हैं, लेकिन कालोनियों की सड़कों की स्थिति अब भी खराब बनी हुई है।

गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र – सड़कों की स्थिति

विवरण संख्या / लंबाई
नगर निगम की सड़कों की स्थिति
नगर निगम क्षेत्र में सड़कों की कुल लंबाई 2809.13 किलोमीटर
नगर निगम की कुल पक्की सड़कें 9313
पक्की सड़कों की कुल लंबाई 1400 किलोमीटर
पीडब्ल्यूडी की सड़कों की स्थिति
जिले में पीडब्ल्यूडी की सड़कें 374
सड़कों की कुल लंबाई 885 किलोमीटर
प्रमुख मार्ग: जीटी रोड, एनएच-58 और हापुड़ रोड पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत आते हैं।

नगर निगम क्षेत्र में सड़कों को गड्ढामुक्त करने और नए सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं, लेकिन ठेकेदार तारकोल के बढ़े दाम और उपलब्धता की कमी का हवाला देकर काम में हीलाहवाली कर रहे हैं। सड़कों को गड्ढामुक्त करने और निर्माण कार्य के लिए प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही कार्यों में तेजी लाई जाएगी, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके। – एनके चौधरी, मुख्य अभियंता नगर निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *