नालंदा जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक नगरी राजगीर में रविवार को आस्था और श्रद्धा के महापर्व मलमास मेला का भव्य शुभारंभ हुआ।
ब्रह्मकुंड परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। उद्घाटन समारोह में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद सम्राट चौधरी ने ब्रह्मकुंड एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डिप्टी सीएम विजय चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद किया निरीक्षण
निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम और अन्य वीआईपी वापस रवाना हो गए। करीब एक महीने तक चलने वाला यह धार्मिक मेला 15 जून तक आयोजित होगा।
इस दौरान राजगीर के पवित्र गर्म जल के 22 कुंड और 52 धाराओं में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। मेले में तीन शाही स्नान का भी विशेष महत्व बताया गया है।
मलमास मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। नेपाल और श्रीलंका समेत विभिन्न देशों से साधु-संत, ऋषि-मुनि और धर्माचार्य भी इस आध्यात्मिक आयोजन में शामिल हो रहे हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, राजगीर के पवित्र कुंडों में स्नान करने से मनुष्य के पाप और कष्ट दूर हो जाते हैं तथा जीवन में सुख-शांति की प्राप्ति होती है।
देश-विदेश से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू
यही कारण है कि मलमास मेले को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मेला का आयोजन पर्यटन विभाग और नालंदा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, साफ-सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मौके पर डीएम कुंदन कुमार,एसपी भारत सोनी मौजूद रहे।


