पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर विक्रमादित्य सिंह का केंद्र पर हमला, कहा- ‘आम जनता पर सीधा बोझ, बढ़ेगी कमरतोड़ महंगाई’

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि से आम जनता पर सीधा बोझ पड़ेगा, साथ ही इसका प्रभाव पर्यटन सीजन के दौरान होटल, रेस्टोरेंट और परिवहन व्यवसाय पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।

शिमला स्थित राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पर्यटन पर निर्भर राज्य में ईंधन की कीमतों का बढ़ना कई क्षेत्रों के लिए चिंता का विषय है। डीजल महंगा होने से मालभाड़ा बढ़ेगा, जिससे सीमेंट, सरिया, एल्युमिनियम जैसी निर्माण सामग्रियों की कीमतों में उछाल आएगा।

इसके अलावा सब्जी, दूध और खाद्य तेल जैसी आवश्यक वस्तुएं भी महंगी होंगी, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ता की जेब पर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों के चलते पहले ईंधन की कीमतें नहीं बढ़ाई गईं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही कीमतों में इजाफा कर दिया गया। नगर निगम चुनावों को लेकर मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती से चुनाव मैदान में है और पार्टी को जीत का भरोसा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *