सदर कोतवाली के टिकरौली गांव में कुछ लोगों ने घर में घुसकर उस परिवार के बुजुर्ग समेत अन्य लोगों को जमकर लाठियों से पीटा है। जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया में तेजी से प्रचलित हो रहा है। करीब 29 सेकेंड के इस वीडियो में पीड़ित परिवार का कोई भी सदस्य नहीं बचा, जिसके ऊपर लाठी न बरसाई गई हो। फिलहाल पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इस घटना से गांव में हलचल मच गई है।
इंटरनेट मीडिया में प्रचलित वीडियो शनिवार की सुबह का बताया जा रहा है। जिसमें लाठी लेकर एक घर में घुसे लोगों ने एक-एक करके परिवार के सदस्यों को घर के अंदर से खींचते हुए बाहर निकालकर उनके ऊपर ताबड़तोड़ लाठियों से प्रहार कर रहे हैं। करीब 29 सेकेंड के इस वीडियो में पीड़ित परिवार टिकरौली गांव के रामबाबू पाल का बताया जा रहा है।
आरोपितों ने रामबाबू के साथ-साथ उसकी 35 वर्षीय पत्नी गीता, 65 वर्षीय मां रामवती, 12 वर्षीय पुत्र संकेत अऔर 16 वर्षीय पुत्री प्रांजलि की जमकर पिटाई की। पीड़ित परिवार ने बताया कि इस घटना के पहले 2022 में भी उक्त लोगों ने कुल्हाड़ी-डंडों से उसके परिवार को मारा था, तब भी इनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई। इंटरनेट मीडिया में प्रचलित वीडियो को संज्ञान में लेकर कोतवाली पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाल राम आसरे सरोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

