हापुड़ में पान की दुकान से 80 हजार कैश और 2 लाख का माल चोरी, CCTV में कैद हुए तीन बदमाश

 सिटी कोतवाली क्षेत्र के रेलवे रोड स्थित केशव पान कॉर्नर में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे और गल्ले से करीब 80 हजार रुपये की नकदी के अलावा लगभग दो लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए।

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें तीन संदिग्ध चोर वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

क्या-क्या सामान चोरी हुआ?

राधापुरी निवासी नरेंद्र गोयल ने बताया कि रेलवे रोड पर उनकी ‘केशव पान कार्नर’ नाम से दुकान है। रोजाना की तरह वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।

जांच करने पर गल्ले से करीब 80 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। इसके अलावा सिगरेट, पान मसाला और अन्य सामान भी चोरी हो चुका था। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सीसीटीवी फुटेज में दिखे बदमाश

पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीन युवक दुकान में घुसकर चोरी करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

सिटी कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि रेलवे रोड स्थित पान की दुकान में चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *