लखीमपुर खीरी हाईवे पर आधी रात भीषण हादसा: ट्रक, बस और बाइक में लगी आग, दो युवक गंभीर घायल

पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार आधी रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राजापुर चौकी क्षेत्र में ट्रक, बस और बाइक आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते तीनों वाहनों में आग लग गई और हाईवे आग की लपटों से दहक उठा। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ट्रक चालक ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुधवार देर रात राजापुर चौकी के पास एक ट्रक हाईवे पर मुड़ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित हो गए। तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार भी संभल नहीं सके और ट्रक में जा घुसे।

कुछ ही सेकेंड में बाइक में आग लग गई, जिसने तेजी से ट्रक और बस को भी अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे पर ऊंची-ऊंची उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार देख आसपास के लोग दहशत में आ गए। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक ट्रक, बस और बाइक काफी हद तक जल चुके थे।

हादसे में घायल बाइक सवार दोनों युवकों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

शहर कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि हादसे के दौरान ट्रक चालक समय रहते वाहन से कूद गया था, जिससे उसकी जान बच गई। आग लगने से ट्रक, बस और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। आधी रात हुए इस हादसे के बाद लंबे समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग सुचारु कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *