बल‍िया में खेत में भैंस घुसने पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, मारपीट में महिला की मौत, 10 लोग घायल

2.7kViews
1372 Shares

 क्षेत्र के कैथीकला गांव में खेत में भैंस चले जाने को लेकर बुधवार शाम दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक महिला की देर रात मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के करीब दस लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

गांव निवासी शंभू राजभर के खेत में हरा चारा बोया गया था। शाम को गांव का ही सत्येन्द्र राम खाली पड़े खेत में भैंस व गाय चरा रहा था। इसी दौरान उसकी भैंस शंभू राजभर के खेत में घुस गई। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद सत्येन्द्र राम अपने पक्ष के लोगों के साथ पहुंच गया और देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे।

मारपीट में 65 वर्षीय भगवती देवी, 45 वर्षीय मुन्ना राजभर, 35 वर्षीय रीता, सरिता, 62 वर्षीय शंभू राजभर, 16 वर्षीय प्रिया व 35 वर्षीय फूलवंती गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के 25 वर्षीय सत्येन्द्र, 22 वर्षीय सुंदरम व 21 वर्षीय रामप्रीत भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देर रात भगवती देवी की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। मृतका की बहू फूलवंती राजभर की तहरीर पर रामप्रीत राम, उमेश राम, सत्येन्द्र राम, सुंदरम समेत आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपितों को हिरासत में लिया है। घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों में भय का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *