पुलिस ने सील किया Prateek Yadav का कमरा, कब्जे में लिया लैपटॉप, मोबाइल व डायरी समेत अन्य सामान

समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की बुधवार को संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई।

लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग पर अपने आवास पर बेहोश मिले प्रतीक यादव श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित किया। प्रतीक यादव मंगलवार रात को घर पर अकेले ही थे, उनकी पत्नी भाजपा नेता अपर्णा यादव तो असम के दौर पर थीं।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन की सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने घर की पड़ताल की और प्रतीक का कमरा सील कर दिया है। पुलिस ने प्रतीक का मोबाइल, लैपटॉप और डायरी समेत अन्य सामान अपने कब्जे में ले लिया है।डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर और मजिस्ट्रेट प्रतीक यादव के घर पहुंचे। दोनों अफसर करीब दस मिनट वहां पर रहे। बताया जा रहा है कि प्रतीक की मौत संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई है। उनके शरीर पर चोटों के निशान की जानकारी मिल रही है और डॉक्टर पॉइजनिंग की आशंका भी जता रहे हैं। उनके हाथ व सीने पर नीले निशान मिले हैं। जानकारों के मुताबिक तुरंत चोट लगने पर शरीर पर लाल निशान होता है, पांच से छह घंटे में नीला और उसके बाद काला हो जाता है।

मौत की जांच होनी चाहिए: विधायक रविदास मेहरोत्रा

प्रतीक यादव की मौत की सूचना पर उनके आवास पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि इनकी मौत की जांच होनी चाहिए। प्रतीक की संदिग्ध हालत में मौत हुई है। उनकी अस्पताल लाने से पहले मौत हुई। डॉक्टर ने बताया कि सामान्य मौत नहीं है। सामान्य मौत में पोस्टमार्टम नहीं होता। जज की निगरानी में जांच होनी चाहिए।

दोस्तों ने कहा-नहीं थी कोई गंभीर बीमारी

प्रतीक यादव के जिम के दोस्त अंकित साहू ने कहा कि ऐसा हमें जानकारी हुई कि बॉडी पर चोट के निशान है और बॉडी नीली पड़ गई है। फेफड़ों में बीमारी वाली बात पर अंकित साहू ने कहा जिसके फेफड़ों में तकलीफ होती है वह जिम में 80 किलो एक कुंटल वेट नहीं लगा सकता। अंकित साहू ने कहा मामले की उच्च स्तरीय जांच हो। प्रतीक यादव के करीबी दोस्त सुमित ने उनके निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उन्हें कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। मैं उनका दोस्त हूं और हम साथ में जिम जाया करते थे।

तबीयत खराब होने के कारण पहले भी हुए थे भर्ती

बताया जा रहा है कि तबीयत खराब होने के कारण इससे पहले भी प्रतीक यादव बीती 30 अप्रैल को हॉस्पिटल में भर्ती हुए थे। वह तीन दिन भर्ती रहे। प्रतीक यादव कुछ समय से फेफड़े की बीमारी से ग्रसित थे। अपर्णा यादव के मुंहबोले भाई मुकेश बहादुर सिंह ने मीडिया को बताया कि प्रतीक यादव का मोटापा कम करने ऑपरेशन कराया गया था। उनका फैट हटवाया गया था। उस दौरान पैर में कई जगह खून जमा होने के कारण नीला निशान पड़ गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *