आरा-मोहनिया हाईवे पर दर्दनाक हादसा; ससुराल जा रहे युवक की अज्ञात वाहन से कुचलकर मौत

7.1kViews
1613 Shares

भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-मोहनिया हाईवे पर मल्थर गांव के समीप शनिवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

मृतक बक्सर जिले के सिकरौल लख थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी प्रेमचंद बिंद का 24 वर्षीय पुत्र शेखर बिंद था। वह पेशे से बोरिंग मिस्त्री था।

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल अवस्‍था में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पत्‍नी से मिलने ससुराल जा रहा था युवक

बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी कुछ दिन पूर्व बच्चों के साथ अपने मायके उदवंतनगर थाना क्षेत्र के जयनगर गांव गई थी।

शनिवार की रात शेखर बाइक से पत्नी से मिलने ससुराल जा रहा था। इसी दौरान मलथर गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। इसमें वह गंभीर रूप से जख्‍मी हो गए।

हादसे की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया।

वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया।

परिवार में पसर गया मातम

मृतक तीन बहनों और दो भाइयों में तीसरे स्थान पर था। उसके परिवार में मां बसंती देवी, पत्नी प्रिया देवी, पुत्र रवि और पुत्री पंती है।

हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां और पत्नी समेत सभी स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *