नानकमत्ता में मंतातरण के खेल खुलासा, एसडीएम रखेंगे पैनी निगाह

 मंतातरण पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। जनपद के समस्त एसडीएम को अपने क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर पैनी निगाह रखते हुए स्थानीय लोगों से संपर्क कर जानकारी लेंगे।

एसडीएम को उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2018 का उलंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। सोमवार से मतांतरण प्रकरण की जांच और रफ्तार पकड़ेगी।

मतांतरण का खेल

नानकमत्ता में मतांतरण को लेकर तकरार के बाद हुई एफआईआर अब रंग लाने लगी है। प्रशासन मतांतरण को खेल की तह तक जाकर उसे बेनकाब करने में लग गया है। जनपद के एसडीएम को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर प्रलोभन देकर कराई जा रही मतांतरण संबंधित गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

वहीं मतांतरण की जांच संबंधित एडीएम प्रशासन व एडीएम राजस्व एवं वित्त की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने भी अपनी जांच प्रारंभ कर दी है। दोनों अपने क्षेत्रों में मतांतरण संबंधित साक्ष्य एकत्र कर लोगों से वार्ता कर मतांतरण के पूरे खेल को समझने में लग गए हैं। मतांतरण में प्रशासन के हरकत में आ जाने के बाद ईसाई मिशनरियों की मुश्किलें बढ़ गई है।

जांच कमेटी लोगों से संपर्क कर मतांतरण के कार्य में लगे लोगों को चिन्हित करने में जुट गई है। इसमें स्थानीय लोगों की संलिप्तता को भी जांचा जा रहा है। जांच में चौकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं यह कोई दो चार दिन की नहीं अपितु कई वर्षों से चल रही प्रक्रिया थी, जो अंदर ही अंदर प्रार्थना सभा के माध्यम से धीरे धीरे पूजा पद्धति को बदलने का काम कर रही थी।

वहीं उनको फंडिंग भी उनसे जुड़े स्थानीय शिक्षण संस्थानों के माध्यम से की जा रही थी। सुनियोजित तरीके से ग्रामीण क्षेत्रों में ईसाई मिशनिरयों से जुड़े लोग भोले भाले ग्रामीणों को मतांतरण के लिए प्रेरित कर रहे थे। प्रशासन की जांच में जो तथ्य सामने आए है वह निकट भविष्य में बड़ी कार्रवाई की ओर संकेत कर रहे हैं।

घनघनाने लगे है फोन

रुद्रपुर : मतांतरण के मामले में प्रशासन के हरकत में आने के बाद इस कार्य में लिप्त ईसाई मिशनरियों से जुड़े लोगों में बेचैनी बढ़ गई है। उन्होंने अपने परिचितों से उनके मोबाइल फोन पर संपर्क कर प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ ही अपने आपको बचाने के प्रयास प्रारंभ कर दिए है।

ढाई वर्ष पूर्व किच्छा में भी आया था मामला सामने

रुद्रपुर : ढाई वर्ष पूर्व किच्छा के आजादनगर क्षेत्र में भी ईसाई मिशनरियों ने मतांतरण के प्रयास किए थे। परंतु स्थानीय लोगों की सतर्कता से भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष मनमोहन सक्सेना के संज्ञान में मामला आने के बाद उनकी पूरी टीम के वहां पहुंचने पर ईसाई मिशनरियां अपनी हरकत में सफल नहीं हो पाई थी।

पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी तो पंजीकृत कर ली थी परंतु उस समय भी मामले की तह तक जाने का कोई प्रयास नहीं किया गया। विदेश से आए मिशनरी से जुड़े लोग वहां से निकलने में कामयाब हो गए थे। उनके बारे में जानने का प्रयास भी पुलिस ने नहीं किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *