छह मई को बीए-एलएलबी 10वें सेमेस्टर की परीक्षा में पांच दिन पहले ही प्रश्नपत्र वितरित किए जाने के प्रकरण में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय प्रशासन ने दो स्तर पर जांच का निर्णय लिया है। एक ओर विधि संकाय के अधिष्ठाता से जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है तो दूसरी ओर दो सदस्यीय समिति भी गठित कर दी गई है। दोनों को जल्द से जल्द रिपोर्ट देने को कहा गया है।
विधि संकाय की ओर से शुक्रवार की शाम तक रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई थी। इस मामले में दो स्तर पर किसी एक में चूक की आशंका जताई जा रही है। या तो माडरेशन के बाद पेपर रखते समय लिफाफे बदल गए या प्रिंटिंग के बाद बंडलिंग करते समय चूक हुई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि मामले में जांच के बाद दोषियों के खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
छह मई को निरस्त परीक्षा ‘इंटरनेशनल रिफ्यूजी ला’ (कोड- बीएएल 760) की परीक्षा अब 13 मई को पूर्व निर्धारित केंद्रों पर पूर्व निर्धारित समय पर होगी। इसके अलावा 11 मई को होने वाली परीक्षा उसी दिन होगी। इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक डा. कुलदीप सिंह की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश शुक्रवार को जारी कर दिया गया।
यह है प्रकरण
बीए-एलएलबी 10वें सेमेस्टर के पेपर ‘इंटरनेशनल रिफ्यूजी ला’ (कोड- बीएएल 760) की परीक्षा छह मई को तीन केंद्रों पर आयोजित हुई थी। इस दौरान तीनों केंद्रों पर विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र ‘ला आफ इंटरनेशनल आर्गनाइजेशंस’ (कोड- बीएएल 762) वितरित दिया गया।
इसे लेकर शोर मचा तो पता चला कि सभी प्रश्नपत्रों के बंडल पर पेपर कोड बीएएल-760 अंकित था, जबकि अंदर प्रश्नपत्र पेपर कोड बीएएल-762 के थे। इसके बाद छह मई वाली परीक्षा निरस्त कर दी गई। 11 मई की परीक्षा के लिए नया पेपर सेट तैयार किया गया है।


