आईपीएल मैचों में लाखों रुपये हारने के बाद शिल्पग्राम पार्किंग का ठेका लेने वाली कंपनी के मैनेजर ने लूट का ड्रामा किया।
पुलिस को बदमाशों द्वारा 2.87 लाख रुपये लूटने की सूचना दे दी। पुलिस जांच में मामला खुलने पर आरोपित मैनेजर और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से एक लाख रुपये और बाइक बरामद की है।
मुंबई निवासी अमित वर्मा की प्राइम पार्किंग सर्विसेज नाम से फर्म है। जो पार्किंग का ठेका लेती है। ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित शिल्पग्राम पार्किंग का ठेका उन्हीं की कंपनी पर है। शिल्पग्राम पार्किंग का मैनेजर दिल्ली का लक्ष्मी नगर निवासी करन है। वह तीन मई को 2.87 लाख रुपये जमा कराने ले गया था।
खुद के साथ लूट की योजना बनाई
आरोपित ने खाते में रकम जमा नहीं कराई। पूछताछ करने पर रकम लूटने की जानकारी दी। जिस पर अमित वर्मा द्वारा ताजगंज थाने में करन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था।
डीसीपी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि करन आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाता था। कंपनी की रकम को वह सट्टे में हार गया। रकम चुकाने के लिए उसने पार्किंग से मिली रकम को हड़पने के लिए लूट की कहानी रची थी। जिसमें पार्किंग के पूर्व कर्मचारियों मलपुरा निवासी भूदेव और राहुल को शामिल कर लिया।
चार मई को एडीए हाइटस के पास पहुंचकर पुलिस को बाइक सवार दो बदमाशों द्वारा लूट की सूचना दे दी। पुलिस द्वारा जांच करने पर पता चला कि भूदेव और राहुल ने योजना के तहत गाड़ी रोककर कंपनी की रकम ले गए थे। आरोपितों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।


