दक्षिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने मोबाइल चोरी के लिए कुख्यात डेग्गी गैंग के दो चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाश दक्षिण दिल्ली में मोबाइल चोरी और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
आरोपितों की पहचान शिवम उर्फ अट्टू और समीर खान उर्फ रोहन के रूप में हुई है, जिनके पास से चोरी के चार मोबाइल बरामद किए। बरामद मोबाइल फोन कोटला मुबारकपुर, नेब सराय, अंबेडकर नगर और हौज खास पुलिस थानों में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपित भीड़भाड़ वाली सार्वजनिक जगहों को निशाना बनाते थे और पकड़े जाने से बचने के लिए चोरी के मोबाइल फोन को स्थानीय खरीदारों के जरिए तुरंत ठिकाने लगा देते थे।
चोरी के मोबाइल बेचने आने पर पकड़ा
दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल के मुताबिक पांच मई को पुष्प विहार, साकेत स्थित मछली मार्केट के पास दो मोबाइल चोरों के आने की सूचना मिली। ये चोर चोरी के मोबाइल फोन बेचने के लिए वहां आ रहे थे।
सूचना पर स्पेशल स्टाफ दक्षिणी जिले के प्रभारी इंस्पेक्टर अनुज कुमार के नेतृत्व व अतिरिक्त डीसीपी आपरेशन अरविंद कुमार की निगरानी में टीम गठित की गई और संभावित स्थान पर जाल बिछाया।
शाम लगभग 07:30 बजे दो संदिग्ध इलाके में दिखे। पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश की, तो थोड़ी दूर पीछा करने के बाद उन्हें पकड़ लिया गया। उनकी तलाशी के दौरान कब्जे से चार चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए।
सत्यापन से पुष्टि हुई कि बरामद फोन दिल्ली के अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े थे। इस पर साकेत थाने में बीएनएस की धारा 35.1(ई) के तहत एफआइआर दर्ज कर दोनों के गिरफ्तार किया गया।
इस तरह काम करता है डेग्गी गैंग
गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि वे “डेग्गी गैंग” से जुड़े हैं, जो एक संगठित मोबाइल चोर गिरोह है। अपने अन्य साथियों और माल खरीदने वालों के साथ मिलकर काम करते थे। वे भीड़भाड़ वाले बाजारों, बस स्टैंडों, मेट्रो स्टेशनों और व्यस्त सार्वजनिक जगहों पर घूमते थे ताकि आसानी से शिकार ढूंढ़ सकें।
मोबाइल फोन चुराने या झपटने के बाद, वे तुरंत उन चोरी के हैंडसेटों को स्थानीय खरीदारों को बहुत कम कीमतों पर बेच देते थे, ताकि माल जल्दी से ठिकाने लग जाए और वे पुलिस की कार्रवाई से बच सकें।
शिवम उर्फ अट्टू साकेत का रहने वाला है, जिस पर 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं जेजे कैंप स्वामी नगर के समीर खान उर्फ रोहन पर मालवीय नगर थाने में दिल्ली एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज है।


