अयोध्या में बीमा ठगी मामले में मेटलाइफ के क्षेत्रीय प्रबंधक गिरफ्तार, तीन करोड़ घोटाले का आरोप

बीमा पालिसी के जरिए अधिक मुनाफे का झांसा देकर करीब तीन करोड़ की ठगी में शामिल मेट लाइफ इंश्योरेंस कंपनी अयोध्या के क्षेत्रीय प्रबंधक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

आरोप है कि क्षेत्रीय प्रबंधक को धोखाधड़ी की जानकारी अप्रैल 2025 में होने पर अपने बैंक अकाउंट में 95 हजार रुपये रिश्वत ली थी। इसका राजफाश पुलिस की जांच में हुआ है।

टांडा एनटीपीसी के विस्तारीकरण के दौरान भू-अधिग्रहण के बाद किसानों को मुआवजा मिला था। उनके बैंक खाते टांडा के छज्जापुर और एनटीपीसी स्थित पंजाब नेशनल बैंक में संचालित हैं। बैंककर्मियों तथा पीएनबी मेटलाइफ बीमा एजेंट मुबारकपुर के उमेर अहमद ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत खाताधारकों को एफडी/बीमा पालिसी से अधिक लाभ मिलने का झांसा दिया।

ज्यादातर को फर्जी बांड थमा दिए। ऐसा कर किसानों, व्यापारियों, महिलाओं समेत करीब 40 पीड़िताें के करीब तीन करोड़ रुपये हड़प लिए। चेकों के माध्यम से स्वजन व रिश्तेदारों के खाते में धनराशि ट्रांसफर करा ली थी। पुलिस ने पहला मुकदमा बैंक खाताधारक रूपवती समेत अन्य किसानों की संयुक्त तहरीर पर बीमा एजेंट व बैंककर्मी के विरुद्ध दर्ज किया था।

इसके बाद चार मुकदमे और दर्ज कराए गए। उमेर अहमद समेत आठ को पुलिस पहले जेल भेज चुकी है। मामले में संलिप्त पाए गए देवरिया के इकोना गांव के पीएनबी मेट लाइफ इंश्योरेंस कंपनी अयोध्या के क्षेत्रीय प्रबंधक सौरभ कुमार को पुलिस ने गुरुवार को टांडा कोतवाली गेट के बाहर से गिरफ्तार किया। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *