कोरबा-चोटिया मार्ग पर देर रात पार्सल वाहन से हुई भीषण टक्कर, कोयलांचल क्षेत्र में शोक की लहर
सिंगरौली।एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक एवं हाल ही में निर्देशक तकनीकी (डीटी) पद पर पदोन्नत हुए अरुण कुमार त्यागी का गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। वे नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के लिए सिंगरौली रवाना हुए थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पूरे कोयलांचल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अरुण कुमार त्यागी गुरुवार रात करीब 12 बजे अपनी इनोवा कार से गेवरा से सिंगरौली के लिए निकले थे। इसी दौरान कोरबा-चोटिया मार्ग पर चोटिया के पास उनकी कार की एक पार्सल वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अरुण कुमार त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों एवं पुलिस की मदद से उन्हें उपचार के लिए अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसईसीएल के अधिकारी, कर्मचारी और उनके शुभचिंतक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए।
अरुण कुमार त्यागी को एसईसीएल में एक कुशल प्रशासक, अनुभवी अधिकारी और सौम्य व्यक्तित्व के रूप में जाना जाता था। हाल ही में उन्हें निर्देशक तकनीकी (डीटी) पद पर पदोन्नत किया गया था और वे नई जिम्मेदारी संभालने के लिए सिंगरौली निकले थे। उनके निधन से एसईसीएल परिवार को बड़ी क्षति पहुंची है।
घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए गेवरा महाप्रबंधक संजय मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि अरुण कुमार त्यागी का निधन एसईसीएल के लिए अपूरणीय क्षति है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।


