महोबा में बार‍िश के साथ हुई ओलावृष्टि, बिजली की चपेट में आकर किसान की मौत

 गुरुवार को मौसम का मिजाज फिर बदला। सुबह करीब आठ बजे आसमान में काले बादल छाए और वर्षा के साथ ओलावृष्टि हुई। करीब आधा घंटे तक हुई बेहतर वर्षा के चलते मौसम सुहावना हो गया तो वहीं लोगों को जगह-जगह हुई जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। जिससे आवागमन में दिक्कत हुई।

दो से तीन मिनट तक ओलावृष्टि भी हुई। सुबह करीब 11 बजे तेज धूप निकली और बीच-बीच में बादल छाए रहे। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के चलते बुखार, उल्टी दस्त, डिहाइड्रेशन आदि के मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं आम के बाग की रखवाली कर रहे किसान की बिजली की चपेट में आकर मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा।

कस्बा कबरई के मुहल्ला राजीवनगर निवासी 45 वर्षीय जगमोहन कुशवाहा की गुरुवार की सुबह बिजली की चपेट में आकर मृत्यु हो गई। उन्हें अचेत अवस्था में सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष कबरई सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दिवंगत के बड़े भाई बच्चू ने बताया कि वह रोजाना की तरह आम के बाग की रखवाली करने गया था। तभी बिजली की चपेट में आ गया। इसके चलते उसकी मृत्यु हुई। उधर गुरुवार सुबह हुई वर्षा के कारण शहर के दुबयानामुहाल, पुराने प्राइवेट बस स्टैंड के पास, काजीपुरा, जारीगंज, जिला अस्पताल के पास सहित अन्य स्थानों पर जलभराव के चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं आंधी-पानी के चलते सुबह से दोपहर तक शहर सहित ग्रामीण अंचलों की आपूर्ति बाधित रही। जिससे लोगों को गर्मी में परेशान होना पड़ा।

उधर, क्रय केंद्रों में रखा कुछ गेहूं भी भीग गया। मौसम के बदलाव के चलते मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। चिकित्सक डॉ. राजेश भट्ट ने बताया कि लोगों को बदलते मौसम में विशेष एहतियात बरना चाहिए। बुखार आदि आने पर लापरवाही न करें बल्कि चिकित्सक को दिखाकर अपना उपचार कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *