इस समय देश के करोड़ों किसान भाई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त (PM Kisan Yojana 23rd Installment) का इंतजार कर रहे हैं। इस योजना को लेकर जो भी अपडेट आता है, उसकी जानकारी सरकार PM Kisan Yojana के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल या फिर आधिकारिक वेबसाइट पर दी जाती है।
कृषि मंत्रालय के तहत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) चलाई जाती है। इस समय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं। कृषि मंत्री बनने के बाद से शिवराज सिंह चौहान ने कई बड़े बदलाव किए हैं। किसानों के हितों के लिए वह समय-समय पर बड़े कदम उठाते रहते हैं।
आइए जानते हैं कि आखिर 23वीं किस्त से पहले पीएम किसान सम्मान निधि योजना के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से क्या जानकारी दी गई है।
PM Kisan Yojana की 23वीं किस्त से पहले क्या जानकारी आई?
PM Kisan Samman Nidhi के एक्स हैंडल (पूर्व में ट्विटर) से 24 घंटे के अंदर कई पोस्ट किए गए। अलग-अलग पोस्ट में अलग-अलग जानकारी दी गई है। 4 मई की शाम को @pmkisanofficial से पोस्ट करके जानकारी दी गई कि अब तक इस योजना के तहत कितने किसानों को लाभ दिया गया है और कितनी राशि ट्रांसफर की गई है।
पीएम किसान के आधिकारिक एक्स हैंडल की 4 मई की शाम की गई पोस्ट में लिखा गया- “PMKISAN के तहत अब तक 22 किस्तों में किसानों को ₹4.28 लाख करोड़ से अधिक की आर्थिक सहायता सीधे उनके खातों में दी गई है। इस योजना का लाभ 2.17 करोड़ से अधिक महिला लाभार्थियों तक भी पहुंचा है। अब तक महिला लाभार्थियों को ही ₹1.10 लाख करोड़ से अधिक की राशि सीधे प्रदान की जा चुकी है।”
एक अन्य पोस्ट में लिखा गया- “भारत के किसानों को सहज डिजिटल पहुंच के साथ सशक्त बनाना। PM-Kisan पोर्टल – पंजीकरण, भुगतान ट्रैकिंग और रीयल-टाइम सहायता के लिए एक वन-स्टॉप समाधान, जो आधुनिक कृषि में पारदर्शिता, दक्षता और सुविधा लाता है।”
कब आएगी पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त?
पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त कब आएगी? इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं जारी की गई है। हालांकि, पिछले रुझानों की मानें तो किसी भी वित्त वर्ष की पहली किस्त जून से अगस्त के पहले सप्ताह तक जारी की जाती है। पिछले साल 2 अगस्त को किसान योजना की 20वीं किस्त जारी की गई थी। उससे पहले 2024 में 17वीं किस्त 18 जून 2024 को आई थी।
पिछले रुझानों के अनुसार जून से जुलाई या फिर अगस्त के पहले सप्ताह में पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त आ सकती है।
नए किसानों के लिए फॉर्मर आईडी जरूरी
नए किसानों जो पीएम किसान योजना के तहत खुद को रजिस्टर करना चाहते हैं, उनके लिए फॉर्मर आईडी जरूरी हो गई है। यानी अगर आप एक नए किसान हैं और इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, तो आपको फॉर्मर आईडी बनवाना होगा। बिना फॉर्मर आईडी के नए किसान PM Kisan Yojana के तहत रजिस्ट्रेशन नहीं कर सकते।


