दून और हरिद्वार में सितारा होटल चेन पर जीएसटी छापा, करोड़ों की कर चोरी का खुलासा

 राज्य कर विभाग की सेंट्रल इंटेलिजेंस यूनिट (सीआइयू) ने सितारा होटल की चेन के प्रतिष्ठित समूह पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान जीएसटी अधिकारियों की टीम ने देहरादून और हरिद्वार में होटलों की जांच की।

राज्य कर विभाग को सूचना मिल रही थी कि होटल समूह कुछ फर्मों से बिना वास्तविक वस्तुओं की प्राप्ति के फर्जी खरीद दर्शा रहा है। जिससे गलत तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आइटीसी) का लाभ प्राप्त किया जा रहा है।

इसी क्रम में विभाग ने तीन अलग-अलग टीम गठित कर छापेमारी की। होटल समूह के कार्यालयों में टीम में प्रवेश करते ही हड़कंप मच गया। जांच के दौरान पाया गया कि होटल समूह ने न सिर्फ आइटीसी का अनुचित लाभ प्राप्त किया, बल्कि अन्य संबद्ध फर्मों को भी अनुचित लाभ दिलाया। जिससे सरकार को राजस्व की क्षति पहुंची।

कारोबार में गड़बड़झाला

प्रारंभिक जांच में करीब चार करोड़ रुपये के कारोबार में गड़बड़झाला पाया गया। अधिकारियों ने कारोबार से जुड़े कई रिकार्ड कब्जे में लिए और डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए। इसके अलावा कई डिजिटल डिवाइस जब्त की गई। जिनकी जांच के लिए फोरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है।

विभाग के हाथ कर चोरी के पुख्ता प्रमाण लग जाने के बाद फर्मों ने मौके पर ही 1.72 करोड़ रुपये जमा कराए। हालांकि, जांच अभी गतिमान है और कार चोरी का आंकड़ा और ऊपर जा सकता है।

जांच टीम में उपायुक्त विनय पांडे, निखिलेश श्रीवास्तव, योगेश मिश्रा, अर्जुन सिंह राणा, सहायक आयुक्त योगेश रावत, नितिका नारंग, अविनाश झा, मानवेंद्र सिंह, गार्गी बहुगुणा, राज्य कर अधिकारी शैलेंद्र चमोली, गजेंद्र भंडारी, बिलाल खान, निरीक्षक हेमा पुंडीर नेगी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *