सहारनपुर विकास प्राधिकरण का JE बीस हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

1951 Shares

भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने सहारनपुर विकास प्राधिकरण (SDA) के अवर अभियंता आशीष सक्सेना को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई से प्राधिकरण कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आरोपित अभियंता को सदर बाजार थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

एक व्यक्ति ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी कि उसका कार्य कराने के एवज में सहारनपुर विकास प्राधिकरण में तैनात अवर अभियंता आशीष सक्सेना 20 हजार रुपये की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बिना रिश्वत दिए उसका काम आगे नहीं बढ़ाया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले का सत्यापन कराया और फिर ट्रैप की योजना बनाई।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को आरोपित अवर अभियंता ने शिकायतकर्ता को सहारनपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय के बाहर एक मेडिकल स्टोर पर रुपये लेकर बुलाया था। जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय रकम 20 हजार रुपये आशीष सक्सेना को सौंपी, पहले से मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया। टीम ने आरोपित के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।

कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सरकारी अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़े जाने की खबर फैलते ही प्राधिकरण कार्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया। इसके बाद टीम आरोपी को लेकर सदर बाजार थाने पहुंची, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *