दिल्ली में बिहार के एक युवक की हत्या को लेकर सियासत गरमा गई है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के कथित ‘मार दिया तो मार दिया’ बयान पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीखा हमला बोला है।
उन्होंने बयान को घटिया बताते हुए मांझी से माफी की मांग की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की वापसी तय है।
दिल्ली पुलिस केंद्र के अधीन, जवाबदेही तय हो
तेजस्वी ने कहा कि दिल्ली पुलिस केंद्र सरकार के अधीन है, ऐसे में घटना की जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता। आज बिहारी पहचान पर गोली मारी जा रही है। ये कौन सा राज है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहारी पहचान को लेकर हिंसा की खबरें चिंता बढ़ाने वाली हैं और इस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
डबल इंजन पर सवाल
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार और केंद्र दोनों जगह सरकार होने के बावजूद ऐसी घटनाएं होना गंभीर है। नरेन्द्र मोदी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव के दौरान कड़े बयान देने वाले नेता अब चुप हैं।
उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री इस मामले पर स्पष्ट जवाब दें। बिहार चुनाव के समय सिक्सर की गोली गाना गा रहे थे, अब मुंह क्यों बंद है।
बंगाल राजनीति पर भी बयान
इस मुद्दे के बीच तेजस्वी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वहां एक बार फिर ममता बनर्जी की वापसी की संभावना है और लोगों का रुझान उनकी ओर दिख रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी की हार में ही देश की जीत है। तेजस्वी ने बंगाल में बसे बिहारी लोगों का ममता बनर्जी के प्रति रूझान बताया।


