मटियारी गांव के पास स्थित हिम सिटी कालोनी में रविवार शाम 54 वर्षीय जफर आजम ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली।
गोली की आवाज सुनकर परिवारजन कमरे में पहुंचे तो वह खून से लथपथ हालत में पड़े थे। आननफानन में उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के अनुसार मौके से लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुई है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। बताया कि जफर आजम मूल रूप से आजमगढ़ जिले के कोट मोहल्ले के रहने वाले थे और हिम सिटी कालोनी में परिवार के साथ रहते थे।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जफर आजम काफी समय से अवसाद (डिप्रेशन) में थे और एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर ही मौजूद थे। अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद यह घटना सामने आई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक जफर आजम आर्थिक रूप से संपन्न थे और इलाके में मिलनसार व मददगार छवि के लिए जाने जाते थे। पड़ोसियों ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से गुमसुम रहने लगे थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।
करीबी लोगों का कहना है कि जफर आजम बेहद नेकदिल व्यक्ति थे और जरूरतमंदों की मदद करते थे। ऐसे में उनका यह कदम उठाना सभी के लिए हैरान करने वाला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।


