सोशल मीडिया की उपज कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को लेकर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने मंगलवार को दावा किया कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके भविष्य में भीम आर्मी के टिकट पर चुनाव लड़ते दिखाई देंगे, क्योंकि हर बड़े आंदोलन से राजनीतिक नेता निकलते हैं।
झारखंड के गोड्डा से सांसद ने कहा कि यह आंदोलन अभी भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना नेता मानता है और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उनकी ओर देखता है। दुबे ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा, “हर आंदोलन से राजनीतिक नेता निकले हैं। जेपी आंदोलन से लालू प्रसाद यादव जैसे नेता निकले। अरविंद केजरीवाल भी अन्ना हजारे के आंदोलन से ही सामने आए।”
‘मैं यकीन के साथ कह सकता हूं कि भीम आर्मी से चुनाव लड़ेंगे’
उन्होंने आगे कहा, “अभिजीत दीपके भी भविष्य में चुनाव लड़ सकते हैं। नेपाल में भी जेन जी आंदोलन से जुड़े लोग आखिरकार किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल हो गए। इसी तरह अभिजीत दिपके भी किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल होंगे। मैं पूरे यकीन के साथ कह सकता हूं कि वह भीम आर्मी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।”
नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को हजारों लोग कॉकरोच जनता पार्टी के चलो संसद मार्च में शामिल हुए। वहीं, दुबे ने दावा किया कि दीपके के आसपास नारे लगाने वाले लोग भीम आर्मी के समर्थक थे।
‘उनका एजेंडा साफ है’
उन्होंने आरोप लगाया, “अभिजीत दीपके के आसपास नारे लगाने वाले लोग भीम आर्मी के समर्थक हैं और वे लोग भी हैं जिन्होंने सीएए का विरोध किया था, जिनमें ओखला के लंबे विरोध प्रदर्शन से जुड़े लोग भी शामिल हैं। उनका एजेंडा साफ है।”
दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक के दौरान युवाओं से जुड़े मुद्दों पर बात की। उन्होंने कहा, “यह आंदोलन अभी भी प्रधानमंत्री मोदी को अपना नेता मानता है। अगर युवाओं का किसी पर भरोसा है तो वह प्रधानमंत्री मोदी हैं। इस आंदोलन से जुड़े युवाओं ने बार-बार एक ही बात कही है – प्रधानमंत्री तक यह बात पहुंचाई जाए कि इन मामलों में पारदर्शिता होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने भी आज अपने संबोधन में इस बारे में बात की।”
निशिकांत दुबे का केजरीवाल पर तंज
जब उनसे AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल के मोदी को “देश का सबसे बड़ा देश-विरोधी” कहने के बारे में पूछा गया तो दुबे ने कहा कि इस पर कोई प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “अगर सड़क पर चलता हुआ कोई व्यक्ति कोई टिप्पणी करता है तो क्या प्रधानमंत्री उस पर प्रतिक्रिया देंगे? क्या प्रधानमंत्री को ऐसे हर बयान पर प्रतिक्रिया देनी चाहिए?”
बीजेपी सांसद ने केजरीवाल पर पंजाब में ड्रग्स की समस्या को हल न कर पाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल क्या अच्छा काम कर रहे हैं? आप पंजाब के हालात जानते हैं। उन्होंने पंजाब के लिए क्या किया है? अगर पंजाब ड्रग्स का अड्डा बन गया है, अगर युवा मर रहे हैं और पूरा राज्य परेशान है तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है?
उन्होंने कहा, “लोकपाल आंदोलन अन्ना हजारे की वजह से शुरू हुआ था लेकिन जब केजरीवाल मुख्यमंत्री थे तो क्या वे कभी अन्ना हजारे से मिलने गए? क्या लोकपाल लागू हुआ? क्या दिल्ली में लोकपाल नियुक्त किया गया? आप किस तरह के लोगों की बात कर रहे हैं?”
राहुल गांधी पर पलटवार
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के इस बयान पर कि सीजेपी विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर कथित पुलिस बर्बरता के लिए प्रधानमंत्री को उनसे माफी मांगनी चाहिए, दुबे ने कहा कि इसके बजाय कांग्रेस को अपने शासनकाल की कई घटनाओं के लिए माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “इंदिरा गांधी और उनके परिवार को 1975 में लगाए गए आपातकाल के लिए माफी मांगनी चाहिए। अन्ना हजारे आंदोलन को जिस तरह से दबाया गया और युवा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया, उसके लिए भी माफी मांगी जानी चाहिए।”

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

