29वीं प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में आगरा का जलवा, अयोध्या में 1000 खिलाड़ियों के बीच किया क्वालीफाई

 अयोध्या में आयोजित हुई ’29वीं प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप’ में आगरा की शिवाय शूटिंग रेंज के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस बड़ी प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से आए लगभग 1000 युवा निशानेबाजों ने हिस्सा लिया था।

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शिवाय शूटिंग रेंज के चार होनहार खिलाड़ियों ने न केवल बेहतरीन प्रदर्शन किया, बल्कि आगामी स्टेट चैंपियनशिप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है।

चयनित खिलाड़ियों में वमिका जुरेल, ह्रिदान कटरोलिया, समर्थ अग्रवाल और पुनीत माहेश्वरी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए ‘कर्मयोगी वेलफेयर सोसाइटी’ के अध्यक्ष पवन बंसल ने उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने इन सभी प्रतिभावान खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर शिवाय शूटिंग रेंज के कोच ऋषभ गोयल और अमन गुप्ता ने खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि 1000 खिलाड़ियों की भीड़ में बच्चों का क्वालीफाई करना उनके समर्पण को दर्शाता है।

इस मौके पर मनोज गर्ग ने भी विशेष रूप से उपस्थित होकर खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं और आगामी स्टेट चैंपियनशिप के लिए हौसला अफजाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *