रायबरेली में टक्कर के बाद 500 मीटर तक बस में फंसे रहे दंपती की मौत, बेटे की हालत गंभीर

बेटे का इलाज कराकर लौट रहे बाइक सवार दंपती को बस ने टक्कर मार दी। घटना में बाइक समेत दंपती बस में फंसकर करीब 500 मीटर दूर तक घिसटते चले गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका नौ वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल, फिर लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

ऊंचाहार के सबीसपुर निवासी दशरथ के बेटे प्रिंस की तबीयत खराब थी। बुधवार को दशरथ अपनी पत्नी माधुरी देवी के साथ बाइक से बेटे को लेकर ऊंचाहार कस्बा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज कराने गए थे।

इसके बाद वह कल्याणी गांव स्थित ससुराल चले गए। देर रात वे ससुराल से घर लौट रहे थे। तभी अरखा गांव स्थित रायबरेली प्रयागराज राष्ट्रीय मार्ग पर रायबरेली की ओर से आ रही निजी बस ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। घटना में बाइक समेत दंपती बस में फंसकर करीब 500 मीटर दूर तक घिसटते रहे, जिसके कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

वहीं बेटा बाइक से छिटककर सड़क पर जा गिरा। सुनसान स्थान होने के कारण जब तक लोग मौके पर पहुंचते, चालक बस से बाइक और मृतकों को बाहर निकाल कर मौके से भाग निकला।

 

जानकारी होने पर स्थानीय लोगों द्वारा घायल बच्चे को सीएचसी पहुंचाया गया। ‌ कल्याणी ग्राम प्रधान नागराज ने बताया कि बच्चे का लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, बस की तलाश की जा रही है। प्रार्थना पत्र मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *