सीतामढ़ी के कोट बाजार में युवक पर चाकू से हमला, मोबाइल लूटकर फरार हुए बदमाश

7.7kViews
1172 Shares

नगर थाना क्षेत्र के कोट बाजार में बुधवार की देर रात आपसी विवाद को लेकर बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घायल युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कोट बाजार निवासी विजय ठाकुर के 18 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि घटना के समय दो बदमाशों ने अंकित कुमार को घेर लिया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक को तीन जगह चाकू लगी है, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद बदमाशों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया और मौके से फरार हो गए। स्वजन के अनुसार, अंकित कुमार एक स्थानीय कपड़ा दुकान में काम करता है।

उसकी मां ने बताया कि वह दरभंगा से इलाज कराकर देर शाम घर लौटा था। इसी दौरान उसके कुछ दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गए, जहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *