नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस के नोटिस पर गुजरात का वह परिवार पहुंचा जिन्होंने इस गिरोह से बच्चे ले रखे हैं। मगर वह बच्चा साथ लेकर नहीं आए।
अब तक कई ऐसे परिवार थाने पहुंच चुके हैं, जिन्होंने बच्चे तो खरीदे हैं, मगर अब वे उसे साथ लेकर नहीं आ रहे हैं। सोमवार को गुजरात से आए परिवार को पुलिस ने नोटिस के साथ एक और सप्ताह का वक्त दिया और बच्चा साथ लेकर आने की हिदायत दी।
अभी तक जांच में पुलिस को दो परिवार ऐसे भी मिले हैं जिन्होंने बच्चाें के एडॉप्शन के दस्तावेज बनवा रखे हैं। पुलिस उन दस्तावेजों को जांच रही है। उनमें यह भी देखा जा रहा है कि पूरी प्रकिया नियमानुसार पूरी की गई या नहीं।
तीन बच्चे अब तक बरामद
बता दें कि पुलिस अभी तक इस गिरोह द्वारा बेचे गए तीन बच्चे बरामद कर चुकी है। हालांकि गिरोह द्वारा 10 राज्यों में 60 से ज्यादा बच्चों को बेचने के मामलों का पुलिस को पता लग चुका है।
बच्चों को लेने वालों को पुलिस नोटिस जारी कर रही है। उनको बच्चों के साथ थाने बुलाया जा रहा है। हाल ही में बरामद किया गया तीसरा बच्चा दिल्ली के शाहदरा में सात से आठ लाख में बेचा गया था।
हालांकि इस खरीद-फरोख्त को गोद प्रक्रिया का नाम दिया गया, अभी तक इस मामले में 12 गिरफ्तारी हो चुकी हैं। पुलिस की टीमें पंजाब में इस गिरोह के सरगना प्रगट सिंह उर्फ लाडी की तलाश में जुटी हैं।


