मैजिक पेन से भरवाते थे चेक फिर रिमूवर से मिटाकर निकालते थे बड़ी रकम, सीतापुर में अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार

नगर कोतवाली पुलिस ने तीन अंतरराज्यीय ठगी के आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित श्रीराम फाइनेंस के एजेंट बनकर पहले लोन दिलाने के नाम पर लोगों से चेक लेते थे। चेक पर मैजिक पेन से आंशिक धनराशि भरवाते थे। इसके बाद रिमूवर (एक तरह का लाइटर जो कि मैजिक पेन की लिखावट को मिटा देता है) से भरी गई धनराशि को मिटाकर मनमानी रकम भरकर बैंक से निकाल लेते थे।

आरोपितों के पास से पास से पांच कूट रचित पहचान पत्र, चार आधार कार्ड, पांच श्रीराम फाइनेंस लोन के फार्म, तीन चेक, चार मोबाइल, केमिकल युक्त स्याही वाला एक पेन, एक लाइटर, पांच हजार की नकदी व घटना में प्रयुक्त कार बरामद हुई है।

नगर के लालबाग निवासी मनोज सेठ के पास 10 अप्रैल को बलिया के मसरौलिया के पीयूष शुक्ल, प्रयागराज के डोडी अमर सिंह और पश्चिम बंगाल के अशोक रतन आए। तीनों ने अपने को श्रीराम फाइनेंस कंपनी का एजेंट बताया। मनोज उनकी बातों में आ गए और उनके बताए मुताबिक लोन प्राप्त करने के लिए कागजात देने लगे।

इसी दौरान आरोपितों ने उनसे एक चेक मांगी और उस पर दो सौ रुपये का भरने को कहा। इसके लिए आरोपितों ने उन्हें अपना पेन दिया। इसके बाद चेक पर भरे दो सौ रुपये मिटाकर एक लाख 49 हजार रुपये भरकर बैंक से निकाल लिए। मनोज ने मुकदमा लिखाया। पुलिस ने सोमवार रात को तीनों को नगर के वैदेही वाटिका के पास से गिरफ्तार कर लिया।

हापुड़ में भी पकड़े जा चुके
आरोपित इसी तरह के जालसाजी में इससे पहले भी जेल जा चुके हैं। कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि वर्ष 2024 में हापुड़ के सिम्भौली में भी आरोपितों पर मुकदमा लिखकर जेल भेजा गया था। बताया, फिलहाल तीनों प्रयागराज में रहकर देशभर में घूम-घूमकर ठगी करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *