आरा में खौफनाक वारदात: 25 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या, प्रेम-प्रसंग एंगल पर जांच

भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के नोनउर गांव इलाके में मंगलवार की देर रात एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।

बुधवार की सुबह नोनउर हाइवे किनारे खेत से युवक का शव बरामद किया गया। घटनास्थल के पास से मृतक की बाइक भी बरामद की गई है।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय भीम राम के रूप में की गई है, जो संदेश थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी राम दुलार राम का पुत्र था।

कुछ दिन पहले ही बंगलुरु से आया था घर

बताया जाता है कि भीम बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में काम करता था, कुछ दिन पहले ही घर आया था। पुलिस के अनुसार युवक के गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया है।

इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

प्रेम प्रसंग समेत अन्‍य एंगल पर जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पीरो डीएसपी केके सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस फिलहाल प्रेम-प्रसंग समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।

दो दिन पहले शादी को लेकर घर आया था भीम

भीम अपनी शादी की तैयारियों को लेकर दो दिन पहले ही गांव आया था। शादी पवना थाना क्षेत्र के सिकरिया गांव में तय हुई थी, जहां 29 अप्रैल को तिलक और 6 मई को विवाह की तिथि निर्धारित थी।

इसको लेकर घर में खुशी का माहौल था। मृतक के पिता रामदुलार राम ने बताया कि भीम 19 अप्रैल को बेंगलुरु से घर लौटा था।

फोन पर बुलाकर हत्या करने का आरोप

स्वजन के अनुसार, 21 अप्रैल की रात करीब आठ बजे भीम घर से यह कहकर निकले थे कि दस मिनट में लौट आएंगे। लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं आया। अगली सुबह स्वजन को हत्या की सूचना मिली।

स्वजन ने आरोप लगाया है कि भीम को फोन कर सुनसान स्थान पर बुलाया गया था। वहां पहले मछली खिलाकर समझाने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनने पर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।

शरीर पर पेट, गाल और निजी अंगों के पास भी कई गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे घटना की निर्ममता का अंदाजा लगाया जा सकता है। इधर, घटनास्थल से मछली के अवशेष भी बरामद किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *