पलामू प्रमंडल मुख्यालय मेदिनीनगर में गुरुवार रात बस स्टैंड रोड स्थित शताब्दी मार्केट पर एक ताबड़तोड़ गोलीकांड ने इलाके की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस घटना में कुंड मोहल्ला निवासी मोहम्मद समीर उर्फ गुड्डू खलीफा की मौत हो गई। घटना रात लगभग 11 बजे हुई, जब मुस्लिम नगर निवासी फैज खान अपने साथियों के साथ काउंटर पर पहुंचा और समीर पर कई राउंड फायरिंग की।
डॉक्टरों ने बताया मृत
गोली लगने के बाद घायल समीर को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि फैज खान पहले ही झामुमो नेता लाड़ले हसन उर्फ लड्डू खान की हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
फैज खान समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
मृतक गुड्डू खलीफा इसी हत्याकांड का गवाह था। शुरुआती जांच में यही माना जा रहा है कि हत्या का कारण गवाह को चुप कराने का प्रयास हो सकता है।
शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि इस मामले में फैज खान समेत दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही पूरी घटना का सच सामने आ सकेगा।


