सीतापुर के ककरहिया गांव में लगी आग, छह घर जले और पांच लोग झुलसे

ककरहिया में मंगलवार दोपहर आग लगने से छह घर जल गए। आग बुझाने में पांच लोग भी झुलस गए और गृहस्थी का सामान जल गया। प्रशासन की टीम ने नुकसान का सर्वे किया है। करीब आठ लाख का नुकसान होने की आशंका है। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत करके आग को बुझाया। लू की वजह से आग बढ़ती ही जा रही थी।

महेश के बेटे हरिश्चंद्र की 25 अप्रैल को शादी है। मेहमानों से घर भरा था। पकवान बन रहे थे। इसी दौरान उनके घर में आग लग गई। लू की थपेड़ों से आग की लपटें विकराल हो गईं। ग्रामीण बाल्टियों में पानी लेकर दौड़ पड़े, लेकिन उनके प्रयास काम नहीं आए। आग भड़कती ही चली गई। श्यामू, दयाल, इंद्रपाल, विपिन और एक अन्य के घर को भी चपेट में ले लिया। इसी दौरान दमकल की टीम पहुंच गई।

करीब आधे घंटे तक लगातार पानी की बौछार करने के बाद आग थमी। उधर, इससे पहले आग बुझाने में महेश, कालीचरण, रामभरोसे, किरन व दयाल झुलस गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महोली से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। उधर, एक बकरी और एक भैंस भी झुलसी है। बताया जा रहा है कि दयाल के घर में भी 30 अप्रैल को शादी है। तहसीलदार अंकुर यादव ने बताया राजस्व टीम ने सर्वे किया है। पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा।

लोनियनपुरवा में 12 घर जले
लोनियन पुरवा में रामसागर के घर में मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आग लग गई। लपटों में शिवकली, अनिल, तौले, हरिद्वार, फूल सिंह, कपिल, मनोरमा, केशव, मदनलाल, सुशील और मलिखे के घर भी घिर गए। सभी घरों की गृहस्थी जल गई। दमकल टीम ने आग बुझाई। नायब तहसीलदार दीनानाथ यादव ने बातया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। सभी को आर्थिक सहायता दी जाएगी।

भट्ठे के जलावन में लगी आग
पूर्णागिरि ब्रिक फील्ड पर मंगलवार दोपहर जलावन में आग लग गई। फायर दमकल की टीम ने आग को बुझाया। भट्ठा संचालक वीरेंद्र मिश्र ने बताया कि करीब पांच लाख नुकसान हुआ है। थानाध्यक्ष मानपाल सिंह ने बताया आग ने विकराल रूप धर लिया था। फायर दमकल टीम न पहंचती तो नुकसान ज्यादा हो जाता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *