‘सरकार जनता को गुमराह कर रही’, सपा सांसद आदित्य यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

महिला आरक्षण बिल को सर्वसम्मति से 2023 में पारित हुआ था। अब जनता को गुमराह करने के लिए भाजपा ने प्रक्रिया अपनाई है। किसानाें को गन्ना, धान और आलू जैसी फसलों के उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।

क्रय केंद्रों पर किसानों का गेहूं नहीं खरीदा जा रहा है। इन समस्याओं पर केंद्र अथवा प्रदेश सरकार का कोई ध्यान नहीं है। यह बातें बदायूं सांसद आदित्य यादव ने कस्बा स्थित बचपन प्ले स्कूल का उद्घाटन करने के बाद कहीं।

प्रदेश में गन्ना किसानों के मूल्य भुगतान में हो रही है देरी

सांसद ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि प्रदेश में गन्ना किसानों के मूल्य भुगतान में देरी की समस्या लगातार बनी हुई है। क्रय केंद्रों पर गेहूं नहीं खरीदा जा रहा है। किसानों के गेहूं में नमी बताकर उन्हें लौटाया जा रहा है। या फिर न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं दिया जा रहा है। इससे किसान स्वयं को ठगा महसूस कर रहा है।

सपा 2027 के चुनाव को लेकर जमीनी स्तर पर तैयारी कर रही

सपा सांसद ने कहा कि सपा 2027 के चुनाव को लेकर जमीनी स्तर पर तैयारी कर रही है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। कहा कि सरकार ने शिक्षा को बर्बाद करने के लिए विद्यालय तक बंद कर दिए हैं। लोग अशिक्षित रहें यही सरकार की मंशा है। उनके साथ मौजूद करहल विधायक तेज प्रताप सिंह यादव ने विद्यालय प्रबंधन को बचपन प्ले ग्रुप स्कूल खोलने पर बधाई दी।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम आयोजक अरुणेंद्र यादव उर्फ नीलू प्रधान ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। इस मौके पर पूर्व डीसीबी अध्यक्ष डॉक्टर रामकुमार यादव, पूर्व विधायक अनिल यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राकेश यादव, बृज कुमार यादव, इंजीनियर पी कुमार, श्रीनिवास यादव, जीवन यादव, शैलेंद्र यादव प्रधान, ध्रुव यादव आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *