नरकटियागंज–गोरखपुर रेलखंड पर चल रहे रेलवे दोहरीकरण (डबलिंग) कार्य का सीधा असर अब यात्रियों पर पड़ने लगा है। गुरुवार को बगहा स्टेशन पर इस कार्य का व्यापक प्रभाव देखा गया।
इस रूट पर चलने वाली कई पैसेंजर, स्पेशल और साप्ताहिक ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह रोक दिया गया है, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्टेशन पहुंचने के बाद जब यात्रियों को ट्रेन रद होने की जानकारी मिल रही है, तो वे परेशान होकर वैकल्पिक साधनों की तलाश में भटक रहे हैं। वहीं, कई यात्रियों को मजबूरन अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी है।
पिपराइच और उनौला के बीच ट्रैफिक ब्लॉक
रेलवे प्रशासन के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पिपराइच और उनौला स्टेशनों के बीच प्री-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का अनिवार्य कार्य किया जा रहा है। इसके लिए विभाग ने 20 मई से 9 जून तक मेगा ट्रैफिक ब्लॉक की घोषणा की है।
इसी ब्लॉक के कारण इस रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया गया है, जिसके तहत 8 जून तक यात्रियों को सुचारू रेल सेवा नहीं मिल सकेगी।
ये प्रमुख ट्रेनें रहीं पूरी तरह रद
गुरुवार को इस ब्लॉक के कारण बगहा से नरकटियागंज की ओर जाने वाली ट्रेन संख्या 55098, 55096, 55048 गोरखपुर–नरकटियागंज पैसेंजर, गाड़ी संख्या 04014 लोकाहा बाजार स्पेशल ट्रेन और 15052 पूर्वांचल एक्सप्रेस को पूरी तरह रद रखा गया।
इसके अलावा गोरखपुर की तरफ जाने वाली ट्रेन संख्या 55097 नरकटियागंज–गोरखपुर पैसेंजर, 04013 आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल, 15653 जम्मू तवी–अमरनाथ एक्सप्रेस और 15705 चंपारण हमसफर एक्सप्रेस का परिचालन भी बुरी तरह प्रभावित रहा।
दो घंटे की देरी से पहुंची सत्याग्रह एक्सप्रेस
ट्रेनों के निरस्तीकरण के साथ-साथ इस रूट पर चल रही अन्य ट्रेनें भी लेट-लतीफी का शिकार हो रही हैं। दिल्ली जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेन संख्या 15274 और 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से लगभग दो घंटे की देरी से बगहा स्टेशन पहुंची।


