बुलेट मोटरसाइकिल में माडिफाई साइलेंसर लगवाकर फर्राटा भरने वाले चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने रविवार को सख्ती बरती।
नोएडा में यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 49 बुलेट मोटरसाइकिल के चालान किए। साथ ही पुलिस ने 5474 वाहनों के चालान काटे और 14 वाहनों को सीज किया। लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया।
14 वाहनों को सीज किया
डीसीपी यातायात शैलेंद्र सिंह ने बताया कि यातायात पुलिस टीम ने रविवार को अभियान चलाकर मैनुअल तरीके से 2183 और आईटीएमएस कैमरों से 3291 वाहनों के चालान किए। साथ ही यातायात नियमों का पालन किए बिना दौड़ रहे 14 वाहनों को सीज भी किया।
इन पर भी हुई कार्रवाई
बताया कि इनमें बिना हेलमेट वाले 2307, ओवरस्पीड में चलने वाले 395, मोबाइल फोन पर बात करने वाले 57 वाहन शामिल रहे, जबकि प्रेशर हॉर्न लगवाकर चलने 64 वाहनों पर भी कार्रवाई की।
डीसीपी ने बताया कि आगे भी अभियान चलाकर सख्ती बरती जाएगी। किसी भी हाल में यातायात नियमों को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


