मुंबई: बेटे की मौत होते ही बहू ने बदले रंग, परेशान बुजुर्ग महिला ने दर्ज कराई FIR

मुंबई के विक्रोली ईस्ट इलाके में रहने वाली 76 साल की महिला ने अपनी बहू के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि नवंबर 2023 में अपने बेटे की मौत के बाद से उसकी बहू का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वह लगातार उसे परेशान करती रही, गालियां देती थी और यहां तक कि उसे बुनियादी जरूरतों से भी वंचित रखा गया।

महिला के अनुसार, वह अपने बड़े बेटे के परिवार के साथ टैगोर नगर स्थित घर में रहती थी, लेकिन बेटे की मौत के बाद घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। उसने बताया कि उसकी बहू अक्सर संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर झगड़ा करती थी और उसे समय पर खाना तक नहीं देती थी। मजबूरन उसकी बेटियां, जो पास में ही रहती हैं, उसकी देखभाल करती थी और कई बार उसे अपने घर ले जाती थी।

बेटे की मौत के बाद बढ़ा पारिवारिक विवाद, मामला दर्ज

महिला ने आगे आरोप लगाया कि इस साल जनवरी में उसकी बहू ने सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए थे, जो उसके छोटे बेटे ने उसकी सुरक्षा के लिए लगवाए थे। मार्च में हालात और बिगड़ गए, जब उसका छोटा बेटा शहर से बाहर था। महिला का दावा है कि बहू ने उसे बार-बार घर छोड़ने के लिए मजबूर किया, जिससे डरकर उसे अपनी बेटी के घर जाना पड़ा। वहीं, 24 मार्च को जब उसने वापस घर लौटने की कोशिश की, तो उसे कथित तौर पर धमकाया गया और अंदर नहीं आने दिया गया।बातचीत के बाद भी जब मामला नहीं सुलझा तो, पीड़ित महिला पुलिस के पास गई। इसके बाद विक्रोली पुलिस ने माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *