पूर्णिया में दो अंचलाधिकारी सस्पेंड, CO हड़ताल पर बिहार सरकार की बड़ी कार्रवाई

5.7kViews
1794 Shares

आंदोलनरत अंचलाधिकारियों के खिलाफ सरकार लगातार निलंबित कर रही है। इस क्रम में पूर्णिया के भी दो अंचलाधिकारियों पर भी कार्रवाई की गाज गिरी है। पूर्णिया पूर्व के अंचलाधिकारी संजीव कुमार और श्रीनगर प्रखंड की सीओ निकिता अग्रवाल को सरकार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

माना जा रहा है कि दोनों अंचलाधिकारी आंदोलन को तेज करने में अहम भूमिका अदा कर रहे थे। इसके साथ ही कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में अब तक 41 अंचल अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने यह कार्रवाई की है। सरकारी आदेशों की अवहेलना को इसका मुख्य कारण बताया गया है। विदित हो कि बीते नौ मार्च से ही राज्य के अंचलाधिकारी हड़ताल पर हैं जिससे अंचलों में कामकाज प्रभावित हो रहा है।

बिहार राजस्व सेवा महासंघ के बैनर तले राज्य के अंचलाधिकारी एवं 600 से अधिक राजस्व कर्मियों के सामूहिक अवकाश पर चले जाने के कारण राजस्व वसूली और भूमि सुधार कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही प्रशासनिक बैठकों और निर्देशों की अनदेखी हो रही है। जिसके बाद विभाग ने सख्ती बढ़ाई है।

आंदोलन पर डटे अधिकारी प्रोन्नति एवं अन्य सेवा संबंधी मांग कर रहे हैं। जिसके बाद राजस्व विभाग ने कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। निलंबित हुए अंचलाधिकारियों में पूर्णिया पूर्व एवं श्रीनगर प्रखंड के अंचलाधिकारी भी शामिल हैं।

पूर्णिया पूर्व के अंचलाधिकारी संजीव कुमार पर पहले भी लापरवाही के आरोप लगे थे। उनके यहां भूमि संबंधी 2500 से अधिक मामले पेंडिंग पड़े हैं।

वहीं, श्रीनगर सीओ निकिता अग्रवाल पर भी लापरवाही एवं जल कल्याणकारी कार्यों में सहयोग नहीं करने का आरोप था। जिले से भी उन दोनों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही थी। इस बीच राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *