गाजीपुर में ईंट भट्ठा मालिक पर फायरिंग का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

पियरी बाजार में ईंट भट्ठा मालिक को लक्ष्य कर की गई फायरिंग के मामले में शामिल एक बदमाश को पुलिस ने मंगलवार की रात उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पिस्टल बरामदगी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। घायल बदमाश का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर में कराने के बाद पुलिस उसे कोतवाली ले आई और कार्रवाई की। चितौरा गांव निवासी ईंट भट्ठा मालिक छोटेलाल यादव को लक्ष्य कर रविवार की शाम पियरी बाजार में फायरिंग की गई थी। संयोगवश छोटेलाल ने अपनी स्कार्पियो गाड़ी आगे कर दी, जिससे वह बाल-बाल बच गए।

गोली स्कार्पियो के पिछले हिस्से में लगी थी। इस मामले में छोटेलाल की तहरीर पर खांवपुर गांव निवासी संदेश यादव व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

बदमाश ने पुलिस पर किए फायर

फुटेज में संदेश यादव के साथ करंडा थाना क्षेत्र के आनापुर सरैया गांव निवासी रोहन यादव की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर उसकी तलाश शुरू कर दी। गुरुवार की रात कोतवाल राजेश त्रिपाठी व उप निरीक्षक विद्याधर तिवारी ने टीम के साथ उसके घर पर छापेमारी कर रोहन यादव को पकड़ लिया।

सख्ती से पूछताछ में रोहन ने बताया कि घटना में प्रयुक्त पिस्टल तरांव स्टेशन के अंडरपास के पास छिपाकर रखी है। पुलिस जब उसे लेकर वहां पहुंची और पिस्टल बरामद कराने लगी, तभी उसने उसी पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई

बचाव में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे लग गई। कोतवाल राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपित रोहन यादव अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *