सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर शिव नादर यूनिवर्सिटी के बाहर कर्मचारियों का धरना, पुलिस ने समझा-बुझाकर कराया शांत

5.0kViews
1594 Shares

 शिव नादर यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार के बाहर वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर कर्मचारियों ने बुधवार को धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारी और महिला कर्मचारी यूनिवर्सिटी परिसर के बाहर सड़क पर बैठ गए, जिससे यातायात प्रभावित होने लगा। 

यूपी सरकार के निर्णय की दी गई जानकारी

धरने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। एसीपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों से वार्ता की और उन्हें हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा न्यूनतम वेतन में की गई बढ़ोतरी की विस्तृत जानकारी दी। 

पुलिस ने बताया कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में चले लंबे आंदोलन के बाद सरकार ने अकुशल, अर्धकुशल और कुशल श्रेणियों में वेतन वृद्धि का फैसला लिया है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू माना जाएगा। इसके अलावा ओवरटाइम भुगतान और अन्य मांगों पर भी विचार किया जा रहा है।

विश्वविद्यालय प्रबंधन विचार कर रहा

वार्ता के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन सकारात्मक रूप से विचार कर रहा है। काफी समझाने के बाद कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर दिया और शांतिपूर्वक वहां से हट गए। नोएडा-ग्रेटर नोएडा में पिछले कई दिनों से चल रहे श्रमिक आंदोलन के मद्देनजर प्रशासन सतर्क है और लगातार संवाद के माध्यम से माहौल सामान्य बनाने का प्रयास कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *