लाइनें भूलें, रेलवन अपनाएं! यात्रियों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की पहल, अब घर से ही करें टिकट बुक

8.8kViews
1684 Shares

भारतीय रेलवे के जम्मू मंडल की ओर से यात्रियों को बेहतर सुविधा, पारदर्शिता और डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से ‘रेलवन’ ऐप को लेकर 21 दिवसीय जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान छह अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर मंडल के विभिन्न प्रमुख रेलवे स्टेशनों और शैक्षणिक संस्थानों में चलाया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत जम्मू, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, श्रीनगर, पठानकोट कैंट और पठानकोट सिटी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को ‘रेलवन’ ऐप के उपयोग और इसके लाभों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे की विभिन्न सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफार्म पर उपलब्ध कराकर यात्रियों की यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है। रेलवे के वाणिज्य विभाग के कर्मचारी स्टेशनों पर तैनात होकर यात्रियों से सीधे संवाद कर रहे हैं और उन्हें ऐप की विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं।

रेलवन’ ऐप जागरूकता शिविर भी लगाए

रेलवे द्वारा विभिन्न स्टेशनों पर ‘रेलवन’ ऐप जागरूकता शिविर भी लगाए गए हैं, जहां यात्रियों को न केवल जानकारी दी जा रही है, बल्कि उनके मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड और इंस्टाल करने में भी सहायता की जा रही है। इसको लेकर बुजुर्ग और तकनीक से कम परिचित यात्रियों को सरल भाषा में ऐप के उपयोग की प्रक्रिया समझाई जा रही है।

‘रेलवन’ ऐप की प्रमुख विशेषताओं में ट्रेन की वर्तमान स्थिति, पीएनआर जानकारी, कोच पोजिशन, टिकट बुकिंग (आरक्षित और अनारक्षित), ई-कैटरिंग के माध्यम से भोजन आर्डर करने की सुविधा और यात्रा के दौरान स्वच्छता, पानी या सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान शामिल है।

उचित सिंघल ने कहा कि इस ऐप के माध्यम से हर यात्री तक डिजिटल सेवाएं पहुंचाना उनका लक्ष्य है। यात्रियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सुविधाजनक और उपयोगी बताया तथा अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *