दिग्विजय चौटाला ने छात्र संघ चुनाव को लेकर हरियाणा सरकार को घेरा, कहा- लोकतांत्रिक अधिकारों का घोटा जा रहा है गला

चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय परिसर छात्र राजनीति के नारों से गूंज उठा। इनसो के आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम में युवाओं का भारी हुजूम उमड़ा। इस कार्यक्रम के जरिए इनसो ने ना केवल अपनी ताकत दिखाई, बल्कि प्रदेश सरकार और प्रतिद्वंदी संगठनों को भी कड़ा राजनीतिक संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इनसो जिला चेयरमैन नितिन सैन और जिला प्रधान जयदीप ग्रेवाल ने संयुक्त रूप से की।

उन्होंने विश्वविद्यालय में छात्रों को आ रही मूलभूत सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक अड़चनों को प्रमुखता से उठाया। मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे युवा जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने मंच से सीधा हमला बोला। उन्होंने छात्र संघ चुनाव बहाली के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का गला घोंटा जा रहा है।

यदि हरियाणा सरकार ने जल्द से जल्द प्रत्यक्ष छात्र संघ चुनाव कराने की घोषणा नहीं की, तो इनसो प्रदेश भर में एक विशाल आंदोलन करने पर मजबूर होगी। हम चुप बैठने वाले नहीं हैं। उन्होंने शिक्षा संस्थानों के भगवाकरण का आरोप लगाते हुए तीखे शब्दों में कहा कि सीबीएलयू और हरियाणा की अन्य यूनिवर्सिटियों को आरएसएस का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा।

इनसो प्रदेश अध्यक्ष दीपक मलिक ने कहा कि इनसो केवल एक संगठन नहीं, बल्कि उनकी आवाज है और उनकी हर मांग को प्रशासन और सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। एमएनएस कालेज के कई प्रमुख पदाधिकारियों ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को छोड़कर इनसो का दामन थाम लिया।

दिग्विजय चौटाला और इनसो प्रदेश अध्यक्ष दीपक मलिक ने सभी नए साथियों का स्वागत किया। इस दौरान जजपा व इनसो पदाधिकारियों ने सीबीएलयू परिसर में पौधा भी रोपित किया। इस अवसर इनसो सीबीएलयू इकाई अध्यक्ष दीपांशु जांगड़ा, अध्यक्ष सपना, चेयरमैन रोहित, जजपा युवा जिला अध्यक्ष सेठी धनाना, युवा जिला प्रभारी ओमी राजपूत, प्रवीण बाक्सर, आशीष पहलवान, सोमबीर तंवर, रोकी गुर्जर, सन्नी लाठर, अमित दलाल, प्रियांशु जांगड़ा, इरफान बाक्सर, शुशू पहलवान, नवीन काकड़ौली, सोहित गुर्जर, हिम्मत जावला, अमित बामला, शिव कुमार, दीपिका, स्नेहा, निशा, राखी, अपूर्व आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *